जालंधर। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री व प्रदेश प्रभारी विजय रुपाणी के नेतृत्व में भाजपा ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस को बड़ा झटका देते हुए कई बड़े नेताओं को भाजपा में शामिल करते हुए उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलवाई। इसमें जालंधर नगर निगम के पूर्व डिप्टी मेयर प्रवेश तागड़ी, कांग्रेस के प्रदेश सचिव एवं पूर्व चेयरमैन एस.सी डिपार्मेंट जिला जालंधर राज कुमार राजू, पूर्व सर्कल अध्यक्ष ईश तांगड़ी, रिटायर्ड तहसीलदार राजकुमार तांगड़ी, कांग्रेस नेता रमन कुमार, युवा नेता सोनू भगत एवं युवा नेता जस्सी को गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने सिरोपा पहनाकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण करवाई।

इस अवसर पर विशेष रूप से जालंधर लोकसभा के विस्तारक राजन शर्मा, मनोज अग्रवाल, राजन अंगुराल, अमित भाटिया भी मुख्य रूप से उपस्थित हुए। विजय रुपाणी ने कहा कि इन सभी नेताओं के पार्टी में आने से जालंधर लोकसभा में भाजपा और ज्यादा मजबूत हुई है। आम आदमी पार्टी की सरकार में पंजाब के मौजूदा हालात चिंता का विषय बने हुए हैं। प्रदेश में गुंडागर्दी, अराजकता और नशे का कारोबार अपने चरम पर है। हर रोज प्रदेश में निर्दोष लोगों की हत्याएं लूटपाट जैसी घटनाएं आम हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि सुशील रिंकू के नेतृत्व में भाजपा जालंधर लोक सभा में विजय का परचम लहराएगी और मोदी सरकार के 400 सीटों के मिशन को पूरा करने में मजबूती के साथ सहयोग करेंगे।
