जालंधर। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जालंधर में व्यापारियों के साथ मीटिंग की और कारोबारियों के साथ बैठकर लंच किया और उनके साथ अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने व्यापारियों के साथ उनके मुद्दों और समस्याओं पर भी चर्चा की। कई व्यापारियों के समस्याओं का तो उन्होंने मौके पर ही समाधान कर दिया और कुछ को जल्द पूरा करने का भरोसा दिया। जालंधर के व्यापारियों से मुख्यमंत्री मान ने उपचुनाव में आम आदमी पार्टी का सहयोग करने की अपील की और कहा कि आप मोहिंदर भगत को विधायक बनाएं और मैं इन्हें मंत्री बनाऊंगा। उन्होंने कहा कि जब से राज्य में आम आदमी पार्टी की सरकार बनी है पंजाब के कई प्रतिभाशाली लोग विदेश से वापस लौटे और यहां आकर नई तरह का व्यवसाय शुरू किया।

उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में व्यापारियों से हिस्सा मांगा जाता था इसलिए वह पंजाब छोड़कर या तो विदेश या दूसरे राज्यों में चले जाते थे। मुख्यमंत्री ने मानसा के तीन नौजवान जो बठिंडा के पास ‘पनजॉय’ नाम से वाटर पार्क चला रहे हैं, उनका उदाहरण दिया। उन्होंने स्वयं सहायता समूह चलाने वाला एक संस्था ‘पहल’ का भी उदाहरण दिया।

मान ने कहा किसी भी राज्य की तरक्की में वहां के उद्योग और व्यापार का सबसे बड़ा योगदान होता है। उद्योग बढ़ने से ही बेरोजगारी की समस्या खत्म हो सकती है। राज्य का राजस्व भी उद्योग व्यापार के बदौलत ही बढ़ सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में हम जालंधर को माझा और दोआबा क्षेत्र की राजधानी बनाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *