हरियाणा में भी निकाला जाएगा ट्रैक्टर मार्च
पटियाला : एमएसपी पर कानून बनाने की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन पांचवें दिन में प्रवेश कर गया है। किसान लगातार पांच दिनों से शंभू बार्डर पर डटे हुए है। इस दौरान बार्डर पर सुरक्षा बलों और किसानों के बीच विवाद भी जारी है। हंगामा जाारी है। हरियाणा पुलिस ने शंभू बॉर्डर पर उपद्रवी किसानों के हंगामे का वीडियो जारी करते हुए प्रदर्शनकारी किसानों पर पुलिस को उकसाने का आरोप लगाया है तो किसान नेताओं ने पलटवार करते हुए हरियाणा पुलिस और राज्यकर्मियों पर युवाओं को भड़काने का आरोप लगाया है।
अब तक किसान नेताओं और केंद्र सरकार के बीच तीन बार वार्ता हो चुकी है, लेकिन कोई भी नतीजा नहीं निकल सका है, जिसके चलते आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, आंदोलन के पांचवें दिन शनिवार को किसानों की ओर से हरियाणा में ट्रैक्टर मार्च निकाला जाएगा। इसके अलावा पंजाब में सभी टोल प्लाजों पर धरना दिया जाएगा, जिसके चलते पंजाब के सभी टोल आज फ्री रहेंगे।
वहीं, शुक्रवार को बीते दिन किसानों के भारत बंद का मिलाजुला असर दिखा। पंजाब और हरियाणा में इस बंद का ज्यादा असर था। हालांकि, दिल्ली में भी कई जगहों पर जाम देखा गया।